Thursday, December 16, 2010

सुदेशी और सुराज

डा .टी .एस .दराल सा :,गोदियाल सा :,मनोज कुमारजी ,सलिल वर्माजी, इधर मानवीयता तथा आम जनता क़े हित में एवं व्यवस्था की खामियों पर लिखते रहे हैं.उन्हें पढ़ कर तो लगता ही था परन्तु रंजना जी क़े नवीनतम दो लेखों को पढ़ कर मैंने जो टिप्णी दीं वे इस प्रकार हैं :-

१ .मीठा माने पर -आपने इस व्यंग्यात्मक आलेख क़े माध्यम से बहुत खरा -खरा सच कहा.आज़ाद भारत में अंगरेजी ज्यादा ही फ़ैली है.अपने स्व को भुलाया जा रहा है.आज "सुदेशी और सुराज "आन्दोलन चलाये जाने की महती आवश्यकता है.

२ .अंधेर नगरी पर -"सुदेशी और सुराज "आन्दोलन चलाया जाना अवश्यम्भावी हो गया है.लेकिन अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता .स्वामी विवेकानंद ने कहा है कि ,यदि मुट्ठी भर लोग मनसा -वाचा -कर्मणा संगठित हो जाएँ तो सारे संसार को उखड फेंक सकते हैं.

गुलामी क़े दौरान महात्मा गांधी जी ने "स्वदेशी और स्वराज्य " आन्दोलन चलाया था ,उस समय लोगों में देश -भक्ति की तीव्र भावना थी.आज हमें स्वतन्त्र हुए ६३ वर्ष हो चुके हैं.जहाँ आज़ादी से पहले हम सुई भी विदेशों से मंगाते थे.आज हमारे यहाँ हवाई जहाज ही नहीं रॉकेट और मिसाईल भी बन रहे हैं,हम विदेशों में कं .खोल रहे हैं .शिक्षा का स्तर पहले से ऊंचा हुआ है."रीढ़ की हड्डी" नाटक क़े रचयिता पूर्व I .C .S .स्व .जगदीश चन्द्र माथुर ने एक स्थान पर लिखा था कि,१९४७ में आज़ादी क़े समय केवल २ प्रतिशत आई.सी .एस .आफीसर्स की पत्नियाँ ही अंग्रेज़ी पढी थीं .आज अंग्रेज़ी का कितना चलन है यह तो रंजना जी क़े आलेखों से स्पष्ट हो ही गया है.एक ओर तो हमने गगन -चुम्बी तरक्की कर ली है ,दूसरी ओर मानवीयता का किता ह्रास हो गया है अन्य विद्वान् ब्लागर्स क़े आलेखों से स्पष्ट है.हमारे कानून हमारे कानूनविदों की राय में सिर्फ अमीरों का हित साधन कर रहे हैं ,गरीब जनता को कानूनों का कोई लाभ नहीं मिल रहा है.कानून गरीब का शोषण और अमीर का पोषण करने वाले सिद्ध हो रहे हैं. एक समय ब्रिटेन में एडमण्ड बर्क क़े नेतृत्व में कानून सुधार आन्दोलन चलाया गया था  और वहां क़े कानून अन्ततः सुधारे गये थे.हमारे देश में भी आज एक तो कानून -सुधार आन्दोलन चलाये जाने की नितांत ज़रुरत है दूसरे जनता क़े सर्वांगीण हित में 'सुदेशी और सुराज" आन्दोलन तत्काल चलाया जाये ऐसी परिस्थितियं बन चुकी हैं.

हमारे एक विद्वान् प्रो .ब्लागर सा :ने किसी ब्लाग पर टिप्णी में लिखा कि,उनकी दिलचस्पी राजनीति में नहीं है और भी ज़्यादातर ब्लागर्स तथा अन्य लोग भी राजनीतिज्ञों की तीखी आलोचना करते हैं.परस्पर संबंधों का ताना -बाना समाज है और मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है -अरस्तू की यह परिभाषा सर्वमान्य है.अरस्तू क़े गुरु सुकरात (प्लूटो )का कहना है कि,मैन इज ए पोलिटिकल बीईंग अर्थात मनुष्य जन्म से ही एक राजनीतिक प्राणी है.पोलिटिक्स शब्द ग्रीक भाषा क़े पोली व ट्रिक्स दो शब्दों क़े मेल से बाना है.विभिन्न तरीके इस शब्द का अर्थ है और निजी ज़िंदगी में सभी लोग विभिन्न समयों पर विभिन्न तरीके अपनाते ही हैं.यानी कि सब राजनीति में लगे ही हैं.फिर देश और जनता क़े प्रति ज़िम्मेदारी से बचना क्यों ? अच्छे लोग घर बैठते हैं तभी तो गलत लोग शासन में पहुँच जाते हैं.ज़रुरत है अच्छे लोगों को आगे बढ़ कर सत्ता अपने हाथ में लेने की.सुदेशी  और सुराज का संकल्प ले कर हमें सुधारात्मक आन्दोलन छेड़ देना चाहिए -जनता तो स्वतः पीछे -पीछे समर्थन को चल पड़ेगी.यदि मन ,वचन और कर्म से एकजुट हो कर थोड़े से लोग ही पहल कर देंगें तो कारवां जुटते  देर नहीं लगेगी.केवल ८० छात्रों ने जनरल द गाल की तानाशाही को उखाड़ फेंका था.तुफैल अहमद ने ढाका क़े छात्रों को एकजुट कर मुजीब क़े पीछे खड़ा कर दिया और याह्या की तानाशाही से आजाद होकर बांगला देश बना.

नया वर्ष दरवाज़े पर खड़ा है.आने वाले समय में कुछ लोग आगे आ कर सुदेशी और सुराज की नयी आवाज़ लगायें तो यह आन्दोलन स्वतः -स्फूर्त फैलते देर नहीं लगेगी.देर है तो सिर्फ पहल की,मैं तो लगातार सड़ी -गली मान्यताओं और व्यवस्था क़े विरुद्ध "क्रन्तिस्वर "  बुलंद कर ही रहा हूँ आप सब का सहयोग और समर्थन मिल जाये तो परिवर्तन भी संभव है.




[टाइप समन्वय-यशवन्त ]


(इस ब्लॉग पर प्रस्तुत आलेख लोगों की सहमति -असहमति पर निर्भर नहीं हैं -यहाँ ढोंग -पाखण्ड का प्रबल विरोध और उनका  यथा शीघ्र उन्मूलन करने की अपेक्षा की जाती है)

Thursday, December 9, 2010

अच्छे विचारों से दिमाग तनावमुक्त होता है

प्रार्थनाएं ,हमेशा मदद करती हैं.बारबार की जाने वाली प्रार्थनाएं बार बार मदद करती हैं.आप "ॐ "या "एक 'कह सकते हैं और अपने खाली दिमाग में हजारों विचारों पर ध्यान केन्द्रित कर सकते हैं.उसके बाद आप जो कार्य उस समय करना चाहते हैं,उस पर ध्यान केन्द्रित करने में आपको मदद मिलेगी और ये आपके दिमाग को भी हल्का -फुल्का और शान्त रखेगी.मैं आपके साथ अपनी एक क्षण की प्रार्थना बांटना चाहता हूँ.

मैं इसे बहुत जोर से नहीं परन्तु धीरे -धीरे अपने आप से कहता हूँ .'हे भगवान् ,जो मुझे चाहिए वो सब मेरे पास है.इसके लिए आपका धन्यवाद .जो मेरे पास नहीं है ,वो मुझे नहीं चाहिए.मेरे कहने का त्तात्पर्य है कृपया मुझे सेहत,समझदारी ,हौसला और सेवा करने की योग्यता प्रदान कीजिये और यह मेरे नज़दीकी प्रियजनों क़े लिए भी कीजिये.मैं अपने दिमाग में हमेशा अच्छे विचार ही रखना चाहता हूँ.ऐसे विचार खुशी और तनाव रहित होने क़े सही साधन हैं.

मैं जानता हूँ कि,मुझे कुछ पाने से पहले योग्य बनना है.मैं यह भी जानता हूँ कि  मुझे जो चाहिए उसके लिए कार्य करना पड़ता है.यहाँ मुफ्त में कुछ नहीं मिलता.मैं उन लोगों को जानता हूँ जो 15 से 90   मिनिट तक अपना समय प्रार्थना और धर्म -कर्म में लगते हैं,वे माला क़े मनके फेरते हैं;मगर कबीर दास जी क़े अनुसार -                       
                                               
                                                   माला फेरत जुग भया,फिरा न मनका फेर.
कर का मनका डार क़े,मन का मनका फेर..

यह उनके लिए बहुत अच्छा होगा अगर वे "तनाव और गुस्से "को कम करने क़े योग्य हो जाएं.
मैंने यह भी ध्यान दिया कि यह ढंग (ढोंग -पाखण्ड वाला ) कुछ ख़ास मामलों में लागू नहीं होता.मैं जो समय लम्बी प्रार्थनाएं नहीं करके बचाता हूँ उसे "जो मुझे चाहिए "वह प्राप्त करने क़े लिए सोचने पर लगता हूँ.मैं हमेशा अपने दिमाग में परमात्मा प्रदत्त आशीर्वादों को गिन कर अपनी आंतरिक मुस्कराहट पर बल देता हूँ.

अगर मुझे ओपन हार्ट सर्जरी क़े लिए भी जाना पड़ेगा तो मैं अपने तनाव को कम करने क़े लिए ईश्वर क़े आशीर्वादों को गिनूंगा.मेरे लिए यह तरकीब काम करती है.विचार अच्छी चीजें कहने क़े लिए हैं.यह तनाव कम करने में मदद करते हैं.दिन में अक्सर कई बार मैं,परमात्मा द्वारा प्रदत्त आशीषों को गिनता हूँ.उदाहरण क़े लिए मैं कई बार अपने आप भगवान् का धन्यवाद करके खुश होता हूँ कि मुझे दिल का आपरेशन नहीं कराना पड़ा और मुझे करवाना भी पड़ता तो भी मैं भगवान्  का ध्यान करूंगा क्योंकि मुझे शुगर नहीं है.यह एक परिदृश्य है.आप भी अपनी स्थिति से सम्बंधित दूसरे परिदृश्यों की कल्पना कर सकते हैं.

विचार यह है कि,आपको तब भी तनावमुक्त होना है जब दिल की सर्जरी कराने जा रहे हैं.चिंतित मत होइए .........खुश रहिए.अब क्या यह सामान्य ज्ञान नहीं है ?
अगर हमारे पास अच्छा स्वास्थ्य ,अधिक खाने को और रहने को एक घर है तो क्या हम फिर भी तनावग्रस्त होंगें ?दुर्भाग्य से हम फिर भी होंगें.अपने पूर्व जनम क़े कर्मफल क़े आधार पर जब मुझे हल्का हार्ट पेन हुआ तो मैंने अपनी सम्पूर्ण जानकारी का भरपूर उपयोग करके चिकित्सकों से अपने को बचाए रखा.मैंने सिर्फ ये उपाए ही किये थे और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर लिया.:-

१ .काली फास ६ एक्स का ४ T .D .S .सेवन किया.और -
२ .ॐ भू ॐ भुवः ॐ स्वः ॐ तत्सवितुर्व्रेनियम भर्गो देवस्य धीमही .ॐ धियो यो न प्रचोदयात ..

इस मन्त्र का १०८ बार जाप जिसे करने में डेढ़ घंटे का समय लग जाता था ही केवल किया.सिर्फ ॐ शब्द का उच्चारण जोर से करते थे क्योंकि ॐ क़े उच्चारण से नाभी जो शरीर का केंद्र -बिंदु है की कसरत या वर्जिश हो जाती है जिससे शरीर में रक्त संवहन सुचारू रूप से होने लगता है. हमारे प्राचीन ऋषी -मुनियों ने बड़ी होश्यारी से ॐ शब्द को परमात्मा का मुख्य नाम घोषित किया था ताकि मनुष्य मात्र इसके उच्चारण से अपने शरीर को पूर्ण स्वस्थ रख सकें.यह शब्द आपको तनावमुक्त रखने में पूर्ण सहायक है.   










(इस ब्लॉग पर प्रस्तुत आलेख लोगों की सहमति -असहमति पर निर्भर नहीं हैं -यहाँ ढोंग -पाखण्ड का प्रबल विरोध और उनका यथा शीघ्र उन्मूलन करने की अपेक्षा की जाती है)

Monday, December 6, 2010

श्रद्धा,विश्वास और ज्योतिष

यह कौतूहल का विषय हो सकता है कि, जब ज्योतिष विज्ञान है और इसके द्वारा निरूपित सिद्धांत खगोलीय गणनाओं पर आधारित होते हैं तो श्रद्धा और विश्वास का क्या मतलब ? जब  ज्योतिष की गणनाओं क़े माध्यम से किसी समस्या की तह तक पहुँच जाते हैं,तब उसके समाधान हेतु अपनाई जाने वाली प्रक्रिया यदि श्रद्धा व विश्वास से रहित की जाती है तो निरर्थक रह जाती है.इस प्रकार ज्योतिषीय आंकलन को ही संदेह क़े घेरे में ले लिया जाता है. हाई स्कूल में पढी इंग्लिश की एक कहानी का ज़िक्र करना प्रासंगिक रहेगा.उस कहानी क़े अनुसार एक बार सूखे से त्रस्त जनता ने चर्च में बारिश क़े लिए प्रार्थना करने का निर्णय लिया. एक छोटा बच्चा छाता लेकर गया जबकि बाक़ी लोग बिना छाते क़े गाए थे ,लोगों ने उस बच्चे से छाता साथ ले जाने का कारण पूछा -बच्चे ने सहज भाव से उत्तर दिया -"हमारी प्रार्थना सुन कर भगवान् (GOD) बारिश करेंगे तो उससे बचने क़े लिए ही  छाता ले जा रहा हूँ .अधिकाँश लोग बच्चे की बुद्धि पर हँस दिए.पर बच्चा अडिग रहा और छाता साथ लेकर ही गया .चर्च में प्रार्थना समाप्त कर वापिस चलते ही मूसलाधार बारिश हुयी और उस छोटे बच्चे को छोड़ कर सभी लोग बारिश में भीगते हुए ही घर लौटे.ज़ाहिर सी बात है कि,लोग प्रार्थना करने तो गये थे परन्तु न तो उन्हें भगवान् पर श्रद्धा थी और न ही विश्वास कि ,उनकी प्रार्थना से बारिश होगी ही,परिणामस्वरूप सभी को भीगना पड़ा जबकि वह छोटा बच्चा श्रद्धा व विश्वास क़े कारण ही वर्षा से अपना बचाव कर सका.

व्यक्ति क़े जन्मकालीन ग्रह नक्षत्रों की गणना पर आधारित महादशा व अन्तर्दशा तथा गोचर -ग्रहों क़े चलन क़े आधार पर उस कारण को ज्ञात करके कि ,कोई समस्या या कष्ट क्यों है ? उसका समाधान बताया जाता है.व्यवहार में आजकल अधिकाँश ज्योतिषी जो उपाय बताते हैं,वे शुद्ध आस्था का प्रतीक हैं और उनका न तो कोई वैज्ञानिक महत्त्व है न ही तर्क .उदाहरणस्वरूप शनि से पीड़ित व्यक्ति द्वारा शनि की प्रतिमा पर तिल  व तेल चढ़ाना अथवा पीपल वृक्ष  की जड़ में तेल का दीपक जलवाना आदि.इस पद्धति से जो भी लाभ प्राप्त होता है ,वह विशुद्ध मनोवैज्ञानिक़ आस्था का परिणाम होता है.

परन्तु इसका वैज्ञानिक समाधान भी है,जैसे शनि मन्त्र क़े सस्वर उच्चारण क़े साथ हवन सामग्री में कला तिल मिलाकर आहुतियाँ देना.इस पूर्ण वैज्ञानिक पद्धति में भी श्रद्धा व विश्वास का होना अत्यंत महत्वपूर्ण है.ग्रह शान्ति हेतु हवन करने पर अग्नि द्वारा डाले गये पदार्थों को परमाणुओं में विभक्त कर दिया जाता है और वायु द्वारा उन परमाणुओं क़े ५० प्रतिशत भाग को नासिका क़े माध्यम से हवन पर बैठे लोगों क़े रक्त में सीधे घुलनशील कर दिया जाता है.५० प्रतिशत भाग वायु द्वारा (बोले गये मन्त्रों की शक्ति से )सम्बंधित ग्रह लोक तक पहुंचा दिया जाता है और इस प्रकार उस ग्रह क़े प्रकोप से उस व्यक्ति -विशेष को राहत मिल जाती है.अब यदि मन्त्रोच्चारण अथवा आहुतियाँ श्रद्धा व विश्वास क़े साथ नहीं दी गई हैं तो वांछित -अनुकूल परिणाम नहीं मिल सकेगा.जिस प्रकार फोन का नं .डायल करने में जरा सी चूक क़े कारण सही नं .नहीं लग पाता है.उसी प्रकार मन्त्रोच्चारण व आहुतियों में की गई चूक सम्बंधित ग्रह तक संवाद स्थापित करने में विफल रहती है.व्यक्ति को इसे अपनी श्रद्धा व विश्वास में कमी क़े रूप में नहीं लेकर ज्योतिष विज्ञान की कमी या विफलता मानता है जो ज्योतिष - क्षेत्र की एक विकट त्रासदी ही है.कुछ उदाहरणों  से आपको स्पष्ट हो जाएगा कि किस प्रकार श्रद्धा व विश्वास -पूर्वक किये गये उपायों द्वारा लोगों ने भरपूर लाभ उठाया है.

लगभग नौ वर्ष पूर्व आगरा में जी .जी .आई .सी.की एक शिक्षिका अपनी एक रिश्तेदार क़े माध्यम से मेरे पास आईं
और टूटने की कगार पर पहुँच चुकी अपनी गृहस्थी का समाधान चाहा. मुझसे पूर्व वह कई स्थापित व विख्यात ज्योतिषियों से मिल चुकी थीं जिन्होंने काफी खर्चीले उपाए बताये थे.एक ने तो २२ हज़ार कीमत क़े रत्न जड्वाकर पहनने को कहा था.परन्तु उन सबसे उक्त शिक्षिका महोदय को निराशा ही हाथ लगी.मेरे द्वारा उन्हें मात्र कुछ मन्त्र पाठ करने को दिए गये व हवन करने को कहा गया.मात्र सप्ताह भर क़े प्रयोग से उन्हें काफी लाभ हुआ और न केवल उनकी गृहस्थी सानन्द चल रही है बल्कि उसके बाद उन्हें एक और कन्या रत्न की प्राप्ति भी हुई है.कम खर्च में सटीक लाभ उन शिक्षिका द्वारा श्रद्धा व विश्वास क़े साथ मन्त्रों का पाठ करने से ही संभव हो सका.हमारे बताये उपायों को अपनाने से उन्हें एक और भी लाभ यह हुआ कि वह पहले एक मकान खरीदने फिर उसके बाद दूसरा मकान बनवाने में कामयाब रहीं.दोनों मकानों का गृह-प्रवेश   हवन  उन्होंने मुझसे ही करवाए. मेरे आगरा छोड़ने क़े छः  माह बाद उन्होंने फोन पर सूचित किया कि अब उन्होंने कार भी ले ली है. उनके पति जो एक मल्टीनेशनल कं .में जू .एकाउंटेन्ट हैं भी मेरे पास अपने भाई -बहनों की समस्याएँ लेकर आते रहते थे.यदि उन लोगों ने नियमतः पालन किया तो निश्चित रूप से लाभ भी उन्हीं लोगों को हुआ .मुझे भी संतोष रहा कि मेरी सलाह कामयाब रही.
दूसरा उदाहरण एक ऐसे शिक्षक महोदय का है जिनका सम्प्रदाय ज्योतिष को मान्यता नहीं देता है.उन्हें समस्या -समाधान हेतु जो पाठ दिए गये थे ,उन्होंने आधे -अधूरे ढंग से और बेमन से किये.परिणामस्वरूप उन्हें लाभ भी अधूरा ही मिल पाया. लगभग ८ वर्ष पूर्व पुत्र -वधु को लेकर लौटती बरात में दूल्हा -दुल्हन क़े वाहन में सामने से टक्कर लगी;वाहन का काँच टूट गया.परन्तु किसी सवारी को खरोंच भी न लगने से उन्हें मन्त्रों पर पूर्ण विश्वास हो गया. वर्ष २००३  क़े प्रारम्भ में उन्होंने हवन क़े माध्यम से अपने पुत्र क़े ग्रहों की हल्की शान्ति करा ली थी,जिसका सुपरिणाम भी उन्हें उसी अनुरूप मिला.३१ मार्च २००३ को उनके पौत्र का जन्म हुआ ,यह प्रीमैच्योर डिलीवरी थी.यदि उस दिन चार घंटे बाद बच्चे का जन्म होता तो वह शनि की ढैय्या क़े प्रभाव में होता. उक्त शिक्षक महोदय द्वारा २६ .१ .२००३ को ही श्रद्धा व विश्वास पूर्वक हवन क़े माध्यम से ग्रहों की शान्ति करने का परिणाम सुखद रहा.

कुछ लोग उपाय तो करते हैं ,परन्तु अस्थिर चित्त से और बगैर पूर्ण श्रद्धा क़े उन्हें समुचित अनुकूल परिणाम भी नहीं मिल पाते.एक प्रख्यात ज्योतिर्विद ने अपने गुरु (अवकाश प्राप्त शिक्षक )की पुत्री क़े विवाह हेतु ऐसे उपाए बताये जिनका कुल खर्च २५ /२६ हज़ार रु .आता था ,जिसे करने में वह असमर्थ थे.परन्तु मेरे बताये पूर्ण वैज्ञानिक हवन -पद्धति द्वारा उपाए करने में उन्हें विश्वास नहीं था.अतः वह मेरे ज्योतिषीय सुझावों का कोई लाभ न उठा सके.उनकी पुत्री को विलम्ब से विवाह क़े अतिरिक्त सुसराल में भी परेशानी का ही सामना करना पड़ा -पोंगा पंडितों क़े चक्कर में पड़ कर.
आगरा क़े एक प्रख्यात चिकित्सक की पुत्री क़े विवाह हेतु भी अन्य जानकारों ने सोलह हज़ार का खर्च वाला नुस्खा बताया था,जिसे शायद वह करते भी.परन्तु मेरे द्वारा तार्किक उपायों की जानकारी दिए जाने पर कम खर्च क़े उपाए उन्होंने पूर्ण श्रद्धा व विश्वास से किये और अब उनकी पुत्री का विवाह हुए ८ वर्ष हो चुके हैं.
                      श्रद्धा व विश्वास का अभाव
श्रद्धा और विश्वास का अभाव हो तथा ज्योतिष पर पूर्ण आस्था भी न हो तब ऐसे लोग किस गति को प्राप्त करते हैं;मात्र दो -तीन उदाहरणों से सिद्ध हो जायेगा.सतीश चन्द्र शर्मा ने अपने गृह क़े S . W . में हैण्ड -पम्प लगवा लिया ,उत्तर दिशा में रसोई पहले से थी ही.परिणामस्वरूप शराब का व्यय अत्यधिक बढ़ गया,उसकी पत्नी व बेटा उसे अकेला छोड़ कर भाग गये.यह क्षेत्र रहू -केतु का होता है और यहाँ कूप आदि बनवाने का दुष्परिणाम गृह -स्वामी या उसके ज्येष्ठ पुत्र की मृत्यु क़े रूप में ही सामने आता है.१९९६ में दशहरे पर किडनी बर्स्ट से उसकी मृत्यु हो गई.

वेदप्रकाश गुप्ता ने अपने मकान में स्वंय आने क़े बाद दो गलत निर्माण करवा डाले.एक तो ईशान में सीढ़ियों का निर्माण ,दूसरा द.प .में दुकान का खोलना.परिणाम यह रहा कि,इस व्यक्ति का दिवाला पिट  गया और इसे मकान बेचना और अन्यत्र जाना पड़ा.इसके उत्तरवर्ती ने भी मकान तोड़ कर दो गलत निर्माण करा डाले. एक तो रसोई उत्तर दिशा में स्थानांतरित करा ली और दूसरे पूर्व दिशा को पश्चिम से ऊंचा करा लिया.फलतः इनके व्यापार में भी कर्मचारियों द्वारा चोरी व लूट की घटनाएं होते -होते साझीदार से अलगाव हो गया.अब इन्होने तेल में मिलावाट बड़े पैमाने पर शुरू की जिस पर डा .बी .पी .अशोक (एस .पी .सिटी ) ने अपने आगरा कार्यकाल क़े दौरान इनकी फर्म पर छापा डाल कर फर्म स्वामी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया.ले -देकर छूट तो गये पर मुकदमे  में
फंस गये.

अवकाश प्राप्त इ .विनोद बाबू शर्मा ने ऊपरी मंजिल क़े ईशान में रसोई बना दी और उत्तर दिशा बंद करा दी.परिणामस्वरूप उनके पहले किरायेदार व तीसरे किरायेदार क़े पुत्र की मृत्यु हो गई.दूसरे तथा चौथे किरायेदार दिवालिया हो गये.कई साल मकान खाली रहा -कौन जान -बूझ कर मौत को गले लगाना चाहता है?
ये वे लोग हैं जो एक ओर तो अल्ट्रामाडर्न हैं -धनाढ्य हैं और दूसरी ओर पोंगा -पंथी ,दकियानूसीवाद क़े अनुयायी हैं.इनके लिए ज्योतिष क़े वैज्ञानिक सिद्धांतों में विश्वास करना संभव नहीं है.पोंगापंथी इन्हें उलटे उस्तरे से मूढ़ते  रहते हैं और वे उसी में प्रसन्न  भी रहते हैं.

सुख -दुःख जीवन में यदि सुख आते हैं तो दुःख भी आते है. दुःख आने पर घबराना नहीं चाहिए.ऐसी स्थिति में ज्योतिष आपको वैज्ञानिक कारण व उपाए बताने में सक्षम है ,उनका पालन करके तथा परमात्मा से प्रार्थना करके दुखों को समाप्त अथवा कम तो अवश्य ही किया जा सकता है.श्रद्धा व विश्वास पूर्वक की गई प्रार्थना परमात्मा सुनता है और पीड़ित को प्रकोप से मुक्ति मिल जाती है अतः ज्योतिष का श्रद्धा व विश्वास क़े साथ अभिन्न सम्बन्ध है और विवेकी व्यक्ति इसका भर -पूर लाभ भी उठाते हैं . क्या आप भी उनमें से एक हैं ?

Saturday, December 4, 2010

ज्योतिष और अंधविश्वास

पिछले कई अंकों में आपने जाना कि,ज्योतिष व्यक्ति क़े जन्मकालीन ग्रह -नक्षत्रों क़े आधार पर भविष्य कथन करने वाला विज्ञान है और यह कि ज्योतिष कर्मवादी बनाता  है -भाग्यवादी नहीं. इस अंक में आप जानेंगे कि ,अंधविश्वास ,ढोंग व पाखण्ड का ज्योतिष से कोई सरोकार नहीं है.

कुछ निहित स्वार्थी तत्वों ने ज्योतिष -विज्ञान का दुरूपयोग करते हुए इसे जनता को उलटे उस्तरे से मूढ्ने का साधन बना डाला है.वे लोग भोले -भले एवं धर्म -भीरू लोगों को गुमराह करके उनका मनोवैज्ञानिक ढंग से दोहन करते हैं और उन्हें भटका देते हैं.इस प्रकार पीड़ित व्यक्ति ज्योतिष को अंधविश्वास मानने लगता है और इससे घृणा करनी शुरू कर देता है.ज्योतिष -ज्ञान क़े आधार पर होने वाले लाभों से वंचित रह कर ऐसा प्राणी घोर भाग्यवादी बन जाता है और कर्म विहीन रह कर भगवान् को कोसता रहता है.कभी -कभी कुछ लोग ऐसे गलत लोगों क़े चक्रव्यूह में फंस जाते हैं जिनके लिए ज्योतिष गम्भीर विषय न हो कर लोगों को मूढ्ने का साधन मात्र होता है.इसी प्रकार कुछ कर्मकांडी भी कभी -कभी ज्योतिष में दखल देते हुए लोगों को ठग लेते हैं.साधारण जनता एक ज्योतषीऔर ढोंगी कर्मकांडी में विभेद नहीं करती और दोनों को एक ही पलड़े पर रख देती है .इससे ज्योतिष विद्या क़े प्रति अनास्था और अश्रद्धा उत्पन्न होती है और गलतफहमी में लोग ज्योतिष को अंध -विश्वास फ़ैलाने का हथियार मान बैठते हैं .जब कि सच्चाई इसके विपरीत है.मानव जीवन को सुन्दर,सुखद और समृद्ध बनाना ही वस्तुतः ज्योतिष का अभीष्ट है

७ वर्ष पूर्व २००३ ई .क़े नवरात्रों में एक ढोंगी व पाखंडी कर्मकांडी द्वारा कमला नगर ,आगरा निवासी एक व्यवसायी की माता की निर्मम हत्या व लूट -पाट तथा उसकी पत्नी को घायल कर दिया गया.पुलिस प्रशासन द्वारा पाखंडी को बचाने हेतु नाटक रचा गया और पीड़ित परिवार का चरित्र हनन किया गया.इस हरकत की जनता में उग्र प्रतिक्रिया हुई .फलस्वरूप दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित होना पड़ा.इतने वीभत्स और कारुणिक काण्ड पर एक प्रतिष्ठित मिशनरी विद्द्यालय क़े प्रतिष्ठित शिक्षक की प्रतिक्रिया थी कि,उस कर्मकांडी क़े बयान में कुछ सच्चाई है और कि पुलिस अधिकारी निष्पक्ष व ईमानदार हैं.क्या आप जानना चाहेंगे कि,एक तथा -कथित सभ्रांत शिक्षक क़े ऐसे उदगार क्यों हैं ?नितांत आर्थिक आधार.अतीत में कभी पीड़ित परिवार का कोई बच्चा उक्त शिक्षक से पंद्रह दिन ट्यूशन पढ़ा था और बाद में उनका पारिश्रमिक भुगतान इसलिए नहीं किया गया था कि,उस बच्चे पर कोई तवज्जो नहीं दी गई थी .बस इतने मात्र से उक्त पीडिता को दोषी कहने में इन शिक्क्षक महोदय ने कोई संकोच नहीं किया .
आइये ,इन शिक्षक महोदय की ऐसी सोच का ज्योतिषीय विश्लेषण करें.यह शिक्षक एक ऐसे सम्प्रदाय (गायत्री परिवार )क़े अनुयायी हैं जो ज्योतिष को अन्धविश्वासी मानता है और इसी कारण इन महोदय ने अपने आवास पर इस प्रकार निर्माण -परिवर्तन कराया है जो ज्योतिष और वास्तु क़े विपरीत है.वास्तु ज्योतिष का ही एक अंग है और ग्रह नक्षत्रों की स्थिति क़े आधार पर गृह -निर्माण की विधि बताता है.संदर्भित शिक्षक महोदय ने अपने आवास क़े ईशान में दोनों मंजिलों पर शौचालय निर्मित करा लिए;उत्तर दिशा में रसोई स्थानांतरित कर ली ,जो कि वास्तु -शास्त्र क़े अनुसार (दोनों कृत्य) बुद्धि -विपर्याय क़े सूचक हैं.ईशान दिशा बृहस्पति का क्षेत्र है जो कि ज्ञान -विज्ञान ,बुद्धि -प्रदाता ग्रह है.इस क्षेत्र को नियमानुसार खाली या हल्का रखते हैं अथवा पूजा -स्थल का वहां निर्माण कराते हैं.जिससे  बुद्धि व ज्ञान का संचार सुचारू रूप से होता रहे.प्रस्तुत उदाहरण में शिक्षक महोदय ने ज्ञान क़े देवता को (शौचालय निर्मित कर ) मल -मूत्र से आवृत करके अपनी बुद्धि पर कुठाराघात कर लिया और इस अंध विश्वास से ग्रस्त हैं कि ,ज्योतिष ही अंध विश्वास का वाहक है.इस निर्माण कार्य को ७ वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और वहां बुद्धि -विभ्रम का बहुत कुछ खेल हो चुका है (जिसका वर्णन वास्तु दोष एक प्रेक्टिकल उदाहरण में भी हुआ है और "श्रधा ,विश्वास और ज्योतिष "में भी आगे होगा ).

अब आइये ,इन्हीं की तर्ज़ पर हू -ब -हू निर्मित एक पुलिस अधिकारी क़े आवास से इस वास्तु दोष को समझते हैं,जिनके निर्माण काल को अब ११ वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और उस भवन क़े निवासियों पर समस्त वास्तु दोष सिर पर चढ़ कर बोल रहे हैं.उत्तर की रसोई और ईशान क़े दोनों मंजिलों वाले शौचालय युक्त आवास क़े निवासी पुलिस अधिकारी पब्लिक में तो सौम्य व विनम्र अधिकारी क़े रूप में जाने जाते हैं (अब रिटायर्ड ),परन्तु घर में अब उनका नियंत्रण समाप्त हो गया है.उनके बेटे -बेटियां पिता को कुछ समझते ही नहीं हैं और कहते हैं कि ,पुलिसिया डंडा घर में नहीं चलेगा. इनकी पत्नी इन्हें देखते ही गुर्राने लगती हैं.अधिकारी महोदय भी अपनी शिक्षिका पत्नी को कुछ महत्त्व नहीं देते हैं.फलतः इनका घर भानुमती का कुनबा बनकर रह गया है. इस ईशान -दोष ने बेटे -बेटियों क़े विवाह में अनावश्यक बाधाएं खडी कीं (गुण मिल जाने क़े बावजूद लड़के वाले बाद में बिदक जाते थे और कभी इन्ही क़े किसी रिश्तेदार की बेटी से विवाह करके इन अधिकारी महोदय को धोखा खिला देते थे;उपाए करने क़े बाद ही उन बच्चों का विवाह हो सका ).यही नहीं ,इस ईशान -दोष ने अधिकारी महोदय को रक्त -चाप का मरीज़ बना कर रख दिया है.घर में घुसते ही यह चिडचिडे बन जाते हैं.इनकी शिक्षिका पत्नी को गठिया रोग ने घेर लिया है और अब घर क़े कार्यों से भी लाचार हो गई हैं और पुत्रियों फिर बहुओं पर निर्भर होकर रह गई हैं.इस परिवार की बुद्धि इतनी विकृत हो गई है कि,किसी भी प्रकार का उपचार व निराकरण भी सम्यक रूप से करने को कोई तैयार नहीं है और अपनी अकर्मण्यता को छिपाने हेतु भगवान् की मर्जी को ढाल बना लेते हैं.

"अंधविश्वास "से ग्रस्त लोग ज्योतिष और वास्तु को ठुकरा कर किस प्रकार अपना अहित कर लेते हैं,इसका एक और उदाहरण उक्त शिक्षक महोदय क़े सलाहकारों पर एक नज़र डालने से मिल जाएगा .इनके एक सलाहकार बचपन क़े सहपाठी और अब दूरसंचार अधिकारी कहते हैं कि,आज विज्ञान क़े युग में ज्योतिष को केवल मूर्ख -लोग ही मानते हैं.(उन्हीं महोदय को अपनी पुत्री नीलम क़े विवाह की अडचने दूर करने हेतु मेरा परामर्श मानने पर मजबूर होना पड़ा और समुचित उपाय  करने क़े बाद ही उसका विवाह सम्पन्न हो सका ).इनके दूसरे सलाहकार चुनावों में परास्त एक छुट -भैय्ये नेता का कहना है-भाग्य में जो होना है वह हो कर रहता है और ज्योतिष का कोई लाभ नहीं है.उनके अपने निवास में जो वास्तु दोष हैं उनका उपचार वह करना नहीं चाहते और बेटे -बेटियों की बढ़ती उम्र क़े बावजूद शादी न होने से हताश हैं और  भगवान् को कोसते रहते हैं. "ऐसे  अन्धविश्वासी लोगों क़े लिए बस यही कहा जा सकता है -जो होना है ,सो होना है.फिर  किस बात का रोना है.."

ज्योतिष को अंधविश्वास का प्रतीक मानने वाली एक महिला राजनेता का रसोई घर तो पहले से ही द.-प .(S .W .)में था जो कलह की जड़ था ही;अब उसी क्षेत्र में नल -कूप भी लगवा लिया है.परिणामस्वरूप पहली छमाही  क़े भीतर ही ज्येष्ठ पुत्र को आपरेशन का शिकार होना पड़ गया.

इसी प्रकार कान्वेंट शिक्षा प्राप्त लोग प्रतीक चिन्हों का उपहास उड़ाते हैं जबकि छोटा सा चिन्ह भी गूढ़ वैज्ञानिक रहस्यों को समेटे हुए है.उदाहरण स्वरूप इस स्वास्तिक चिन्ह को देखें और इस मन्त्र का अवलोकन करें :-
            (कृपया स्कैन को इनलार्ज कर पढ़ें इसी आलेख का भाग है )


१ .चित्रा-२७ नक्षत्रों में मध्यवर्ती तारा है जिसका स्वामी इंद्र है ,वही इस मन्त्र में प्रथम निर्दिष्ट है.
२ .रेवती -चित्रा क़े ठीक अर्ध समानांतर १८० डिग्री पर स्थित है जिसका देवता पूषा है.नक्षत्र विभाग में अंतिम नक्षत्र होने    क़े कारण इसे मन्त्र में विश्ववेदाः (सर्वज्ञान युक्त )कहा गया है.
३ .श्रवण -मध्य से प्रायः चतुर्थांश ९० डिग्री की दूरी पर तीन ताराओं से युक्त है.इसे इस मन्त्र में तार्क्ष्य (गरुण )है.
४ .पुष्य -इसके अर्धांतर पर तथा रेवती से चतुर्थांश ९० डिग्री की दूरी पर पुष्य नक्षत्र है जिसका स्वामी बृहस्पति है जो मन्त्र क़े पाद में निर्दिष्ट हुआ है.

इस प्रकार हम देखते हैं कि धार्मिक अनुष्ठानों में स्वास्तिक निर्माण व स्वस्ति मन्त्र का वाचन पूर्णतयः ज्योतिष -सम्मत है.धर्म का अर्थ ही धारण करना है अर्थात ज्ञान को धारण करने वाली प्रक्रिया ही धर्म है.इस छोटे से स्वस्ति -चिन्ह और छोटे से मन्त्र द्वारा सम्पूर्ण खगोल का खाका खींच दिया जाता है.  अब  जो लोग इन्हें अंधविश्वास कह कर इनका उपहास उड़ाते हैं वस्तुतः वे स्वंय ही अन्धविश्वासी लोग ही हैं जो ज्ञान (Knowledge ) को धारण नहीं करना चाहते.अविवेकी मनुष्य इस संसार में आकर स्वम्यवाद अर्थात अहंकार से ग्रस्त हो जाते हैं.अपने पूर्व -संचित संस्कारों अर्थात प्रारब्ध में मिले कर्मों क़े फलस्वरूप जो प्रगति प्राप्त कर लेते हैं उसे भाग्य का फल मान कर भाग्यवादी बन जाते हैं और अपने भाग्य क़े अहंकार से ग्रसित हो कर अंधविश्वास पाल लेते हैं.उन्हें यह अंधविश्वास हो जाता है कि वह जो कुछ हैं अपने भाग्य क़े बलबूते हैं और उन्हें अब किसी ज्ञान को धारण करने की आवश्यकता नहीं है.जबकि यह संसार एक पाठशाला है और यहाँ निरंतर ज्ञान की शिक्षा चलती ही रहती है.जो विपत्ति का सामना करके आगे बढ़ जाते हैं ,वे एक न एक दिन सफलता का वरन कर ही लेते हैं.जो अहंकार से ग्रसित होकर ज्ञान को ठुकरा देते हैं,अन्धविश्वासी रह जाते हैं.ज्योतिष वह विज्ञान है जो मनुष्य क़े अंधविश्वास रूपी अन्धकार का हरण करके ज्ञान का प्रकाश करता है.

शक  ओ  शुबहा -अब सवाल उस संदेह का है जो विद्व जन व्यक्त करते हैं ,उसके लिए वे स्वंय ज़िम्मेदार हैं कि वे अज्ञानी और ठग व लुटेरों क़े पास जाते ही क्यों हैं ? क्यों नहीं वे शुद्ध -वैज्ञानिक आधार पर चलने वाले ज्योत्षी से सम्पर्क करते? याद रखें ज्योतिष -कर्मकांड नहीं है,अतः कर्मकांडी से ज्योतिष संबंधी सलाह लेते ही क्यों है ? जो स्वंय भटकते हैं ,उन्हें ज्योतिष -विज्ञान की आलोचना करने का किसी भी प्रकार हक नहीं है. ज्योतिष भाग्य पर नहीं कर्म और केवल कर्म पर ही आधारित शास्त्र है.  





(इस ब्लॉग पर प्रस्तुत आलेख लोगों की सहमति -असहमति पर निर्भर नहीं हैं -यहाँ ढोंग -पाखण्ड का प्रबल विरोध और उनका यथा शीघ्र उन्मूलन करने की अपेक्षा की जाती है)

Thursday, December 2, 2010

डा.राजेन्द्र प्रसाद की जन्म कुंडली- (03दिसंबर जयंती पर विशेष)


भारत क़े प्रथम राष्ट्रपति डा.राजेन्द्र प्रसाद की जयंती प्रतिवर्ष ०३ दिसंबर को धूम धाम से मनाई जाती है.आइये देखें इतनी विलक्षण क्षमता प्राप्त कर क़े वह कैसे इतना ऊपर उठ सके.


उनकी जन्म कुंडली से स्पष्ट है कि चन्द्रमा से केंद्र स्थान में बृहस्पति बैठकर गजकेसरी योग बना रहा है इस योग में जन्म लेने वाला व्यक्ति अनेक मित्रों,प्रशंसकों व सम्बन्धियों में घिरा रहता है व उनके द्वारा सराहा जाता है.स्वभाव से नम्र,विवेकवान व गुणी होता है.तेजस्वी,मेधावी,गुणज्ञ,तथा राज्य पक्ष में प्रबल उन्नति प्राप्त करने,उच्च  पद प्राप्त करने तथा मृत्यु क़े बाद भी अपनी यश गाथा अक्षुण रखने वाला होता है.ठीक ऐसे ही थे राजेन्द्र बाबू जिनका जन्म बिहार क़े छपरा जिले में जीरादेई ग्राम में हुआ था.एक किसान परिवार में जन्म लेकर अपने बुद्धि कौशल से राजेन्द्र बाबू ने वकालत पास की उस समय कायस्थ वर्ग सत्ता क़े साथ था परन्तु राजेन्द्र बाबू ने गोपाल कृष्ण गोखले क़े परामर्श से देश की आजादी क़े आन्दोलन में कूदने का निश्चय किया और कई बार जेल यात्राएं कीं.राजेन्द्र बाबू ने स्वंत्रता आन्दोलन क़े दौरान जेल में रहकर कई पुस्तकें लिखीं जिन में 'खंडित भारत' विशेष उल्लेखनीय है.इसमें राजेन्द्र बाबू ने तभी लिख दिया था कि यदि अंग्रेजों की चाल से देश का विभाजन हुआ तो क्या क्या समस्याएँ उठ खडी होंगी और हम आज देखते हैं कि दूर दृष्टि कितनी सटीक थी.डा.राजेन्द्र प्रसाद मध्यम मार्ग क़े अनुगामी थे और उन्हें नरम तथा गरम दोनों विचारधाराओं का समर्थन प्राप्त था.जब नेता जी सुभाष चन्द्र बोस महात्मा गांधी क़े उम्मीदवार डा.पट्टाभि सीता रमैया को हराकर कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित हो गये तो गांधी जी क़े प्रभाव से उनकी कार्यकारिणी में कोई भी शामिल नहीं हुआ और सुभाष बाबू को पद  त्याग करना पडा.उस समय कांग्रेस की अध्यक्षता  राजेन्द्र बाबू ने संभाली और स्वाधीनता आन्दोलन को गति प्रदान की.राजेन्द्र बाबू की कुडली क़े चतुर्थ भाव में मीन राशी है जिसके प्रभाव से वह धीर गंभीर और दार्शनिक बन सके.इसी कारण धार्मिक विचारों क़े होते हुए भी वह सदा नवीन विचारों को ग्रहण करने को प्रस्तुत रहे.राजेन्द्र बाबू ने एक स्थान पर लिखा है कि यदि जो कुछ पुरातन है और उससे कोई नुक्सान नहीं है तो उसका पालन करने में कोई हर्ज़ नहीं है लेकिन उनके इसी भाव में स्थित हो कर केतु ने उनको जीवन क़े अंतिम वर्ष में कष्ट एवं असफलता भी प्रदान की.पंडित नेहरु से मतभेद क़े चलते राजेन्द्र बाबू को तीसरी बार राष्ट्रपति पद नहीं मिल सका और इस सदमे क़े कारण ६ माह बाद उनका निधन हो गया.परन्तु इसी केतु ने उन्हें मातृ -पितृ भक्त भी बनाया विशेषकर माता से उन्हें अति लगाव रहा.एक बार माता की बीमारी क़े चलते बोर्ड परीक्षा में वह एक घंटा की देरी से परीक्षा हाल में पहुंचे थे और उनकी योग्यता को देखते हुए ही उन्हें परीक्षा की अनुमति दी गयी थी तथा राजेन्द्र बाबू ने उस परीक्षा को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया था.षष्ठम भावस्थ उच्च  क़े चन्द्र ने भी उन्हें हर प्रकार क़े सुख प्राप्त करने में सहायता की.नवम क़े बृहस्पति तथा दशम क़े राहू ने राजेन्द्र बाबू को राजनीति में दक्षता प्रदान की तो द्वादश क़े सूर्य ने शिक्षा क़े क्षेत्र में प्रसिद्धि दिला कर दार्शनिक बना दिया.

समय करे नर क्या करे,
समय बड़ा बलवान
असर ग्रह सब पर करे
परिंदा,पशु,इंसान.

हम देखते हैं कि विद्वान् कवि क़े ये उदगार राजेन्द्र बाबू पर हू ब हू लागू होते हैं.उनके जन्मकालीन ग्रह नक्षत्रों ने उन्हें स्वाधीन भारत क़े प्रथम राष्ट्रपति क़े पद तक पहुंचाया.आजादी से पूर्व वह संविधान निर्मात्री सभा क़े अध्यक्ष भी रहे.अपने पूर्वकालीन संस्कारों से अर्जित प्रारब्ध क़े आधार पर ग्रह नक्षत्रों क़े योग से डा.राजेन्द्र प्रसाद स्तुत्य बन सके.


(इस ब्लॉग पर प्रस्तुत आलेख लोगों की सहमति -असहमति पर निर्भर नहीं हैं -यहाँ ढोंग -पाखण्ड का प्रबल विरोध और उनका यथा शीघ्र उन्मूलन करने की अपेक्षा की जाती है)